#Lucknow: रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव से मचा बवाल, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज

गोसाईंगंज लखनऊ: कोतवाली क्षेत्र के अनूपगंज रेलवे स्टेशन के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस और परिजनों के बीच अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस जहां शुरुआती जांच में इसे ट्रेन से टकराने की घटना बता रही है, वहीं परिजनों ने हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। विरोध के बाद पुलिस ने नामजद समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार 31 मार्च की रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि अनूपगंज रेलवे स्टेशन के पास एक युवक ट्रेन से टकरा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को रेलवे ट्रैक की मध्य लाइन पर युवक का शव मिला। पहचान न होने पर जीआरपी द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की गई।2 अप्रैल को राम गोपाल अवस्थी निवासी ग्राम शिवलर थाना गोसाईंगंज ने अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचकर शव की पहचान अपने 17 वर्षीय बेटे अभय राज अवस्थी के रूप में की। उन्होंने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है।परिजनों के मुताबिक 31 मार्च की रात करीब 9 बजे अभय अपनी दुकान बंद कर अपने साथी हर्ष द्विवेदी के साथ मोहनलालगंज रोड स्थित यूको बैंक तक गया था। वहां से हर्ष उसे छोड़कर चला गया, जिसके बाद अभय घर नहीं पहुंचा और लापता हो गया।परिजनों का आरोप है कि हर्ष द्विवेदी से पूछताछ करने पर वह टालमटोल करता रहा। साथ ही, कुछ दिन पहले अभिषेक मिश्रा निवासी सूर्य नगर, मानक नगर अपने साथियों के साथ अभय की दुकान पर पहुंचा था और पुरानी रंजिश के चलते उसे जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने दावा किया कि आरोपियों द्वारा फोन और व्हाट्सऐप पर भी धमकियां दी गई थीं, जिनके सबूत उनके पास मौजूद हैं।घटना की जानकारी मिलने पर 1 अप्रैल की रात परिजन बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस का कहना है कि शव का अंतिम संस्कार परिजनों की मौजूदगी में कराया जा रहा है और मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।



