#barabanki: छबील चौकी क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता, होली पर शांति बनाए रखने की अपील

बाराबंकी। आगामी होली पर्व को लेकर छबील चौकी के चौकी प्रभारी बिपिन सिंह ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र का व्यापक भ्रमण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं युवाओं से संवाद स्थापित किया तथा सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। चौकी प्रभारी बिपिन सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक पर्व है। इसे शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग, जबरदस्ती रंग लगाने या वाद-विवाद से बचें, ताकि क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करेगा या कानून व्यवस्था भंग करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने होली के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाई गई है। साथ ही, पुलिसकर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार हंसी-खुशी और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।चौकी प्रभारी ने कहा कि होली आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के गले मिलने का अवसर देती है। ऐसे में सभी लोग जिम्मेदारी का परिचय दें और त्योहार को प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन आमजन के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सफल हो सकता है।क्षेत्रवासियों ने भी पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि वे होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाएंगे और प्रशासन का सहयोग करेंगे।
रिपोर्ट: अंकित यादव बाराबंकी



